छत्तीसगढ़ पुलिस का बड़ा कदम, साइबर जागृति अभियान शुरू, लोगों को जागरुक करना मकसद
कांकेर/ कोरिया/ बीजापुर/ धमतरी/ राजनांदगांव : साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस साइबर जागृति अभियान शुरू किया है. यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्तूबर तक चलेगा. कांकेर में एसपी निखिल राखेचा ने क्यू आर कोड स्कैन कर इस अभियान का शुभारंभ किया है. अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री द्वारा किया गया. वहीं कांकेर जिले में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक और QR कोड जारी कर इसकी शुरुआत की.
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने ली सेल्फी
एसपी निखिल राखेचा ने स्वयं QR कोड को मोबाइल से स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है. इसके तहत लोग छत्तीसगढ़ पुलिस या जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक के माध्यम से अथवा QR कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे.
जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी. जिलेवासियों से मैं साइबर जागृति की एक सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील करता हूं- निखिल राखेचा, एसपी, कांकेर
सात सप्ताह तक चलेगा कार्यक्रम
पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान.
दूसरा सप्ताह: बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम.
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के संबंध में टाउन हॉल का आयोजन.
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता.
पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, ITI और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी.
छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सीमाओं को लेकर अभियान चलाया जाएगा.
सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा.
कोरिया में भी अभियान की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत कोरिया में भी की गई है. अभियान की मुख्य थीम साइबर जागृति की एक सेल्फी रखी गई है.अभियान के तहत प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस अथवा संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक पर क्लिक कर अथवा QR Code स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ले सकेंगे.
