रायपुर में राहुल पर बरसे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, कांग्रेस ने भी किया जोरदार पलटवार

Share this News
WhatsApp

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. दौरे के दौरान वे रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद उन्होंने शहर के ऑक्सीजोन परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संतुलन के लिए देश और दुनिया के सामने एक स्पष्ट रोडमैप रखा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील पर देशभर में करोड़ों पेड़ लगाए जा रहे हैं, जिसका लाभ आने वाले समय में पर्यावरण को मिलेगा.

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ऐसे बयान दे रहे हैं, जो देश में भ्रम और टकराव की स्थिति पैदा करते हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता का प्यार जीतने का शतक मना रहे हैं, जबकि राहुल गांधी हार का शतक मना रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस नेता वोट चोरी जैसे आरोप लगाने लगते हैं और कई बार उन्हें खुद भी समझ नहीं आता कि वे क्या कह रहे हैं.

राहुल गांधी पर बोला हमला
इसके अलावा, बिना नाम लिए गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर फिर हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में तेजी से विकास हो रहा है, लेकिन कुछ लोगों को यह दिखाई नहीं देता. उन्होंने एयरपोर्ट, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जहां हवाई यात्रा आम लोगों की पहुंच से दूर थी, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग हवाई सफर कर रहे हैं. उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि कुछ नेता रात में गरीबी देखने निकलते हैं और आम लोगों के बीच जाकर दिखावटी राजनीति करते हैं.

कांग्रेस ने भी किया पलटवार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयानों पर बयानबाजी भी तेज हो गई. वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को किसी पेट्रोल पंप पर जाकर आम जनता से पूछना चाहिए कि विकास कितना हुआ है. बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को सत्ता का नशा हो गया है और वे जमीनी हकीकत से दूर हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि महंगाई और रोजमर्रा की समस्याओं से लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल विकास के दावे कर रही है. इस बयानबाजी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *