रायपुर में झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलभराव, सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित, माना में भी बिगड़े हालात
माना में सड़कों पर जलभराव
माना क्षेत्र में भी तेज बारिश का असर साफ दिखाई दिया. कई सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
यातायात की रफ्तार पर लगा ब्रेक
सड़कों पर पानी भरने से कई जगह यातायात प्रभावित हुआ. जलभराव वाले इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा. पंडरी, लोधीपारा, टिकरापारा, संतोषी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, तेलघानी नाका अंडरब्रिज, स्टेशन रोड जैसे जगहों जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
गर्मी से राहत, लेकिन व्यवस्था पर सवाल
झमाझम बारिश से लोगों को कुछ दिन से हो रही उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान निचले इलाकों में पानी जमा होने की समस्या बार-बार सामने आती है.
अगले 24 से 48 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के बस्तर, दंतेवाडा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. यहां 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
